मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी (चोरगलिया) पहुंचकर क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

जनसंवाद के उपरांत मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग स्थित ‘शेर नाला’ पर ₹9.93 करोड़ (₹993 लाख) की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। मानसून के दौरान शेर नाले के उफान पर आने से इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता था और लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। इस नए पुल के बनने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




