शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफलतम ५ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर एक विशाल जनसभा का आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर २० हजार से अधिक लोगों का जनसैलाब उमड़ा, जिन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री धामी पर पुष्पवर्षा कर उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। इस पखवाड़े के पहले ही दिन आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ (एकीकृत प्रयास) के तहत एक ही छत के नीचे सेवाएं प्रदान कीं, जिससे ३.५ हजार से अधिक नागरिकों को मौके पर ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

इस कार्यक्रम के दौरान लगाए गए विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा गंभीर एवं पुरानी बीमारियों से पीड़ित १००९ मरीजों की मुफ्त जांच और इलाज किया गया, जिसमें हड्डी, स्त्री रोग और आंख-नाक-कान के मरीज शामिल थे। शिविर में मौके पर ही ९५ एक्स-रे और ७० ब्लड टेस्ट किए गए, साथ ही १५ नए आयुष्मान कार्ड और २० आभा कार्ड बनाए गए। दूसरी ओर, समाज कल्याण विभाग ने एक बड़ी राहत देते हुए मौके पर ही विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग श्रेणी के ७५ पात्र नागरिकों की पेंशन को तत्काल मंजूरी दी, १० लोगों को यूडीआईडी कार्ड जारी किए और २८० दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण बांटे। इसके अतिरिक्त, कृषि, उद्यान और डेयरी सहित अन्य संबद्ध विभागों ने १२०0 से अधिक लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया।

समारोह के मंच से राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच उत्कृष्ट स्वयं सहायता समूहों को उनकी बेहतरीन कार्यशैली के लिए मुख्यमंत्री द्वारा ५-५ लाख रुपये (कुल २५ लाख रुपये) की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी जनपद के तीन युवाओं को जापान में लगभग १ लाख रुपये प्रति माह के आकर्षक पैकेज पर रोजगार मिलने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिसे राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया।




