शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून जनपद को २१९.२९ करोड़ रुपये की कुल ५१ विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से १७२.७८ करोड़ रुपये की लागत वाली ३८ नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि ४६.५० करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी १३ विकास योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। ये सभी योजनाएं जिले में सड़क नेटवर्क, शहरी विकास, नदी चैनलाइजेशन, सिंचाई और पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं।
शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में देहरादून से मसूरी के बीच यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ५१.०२ करोड़ रुपये की लागत से एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग मय पोल्स का कार्य तथा २७.५० करोड़ रुपये की लागत से आईएसबीटी देहरादून का सुदृढ़ीकरण व उच्चीकरण कार्य शामिल है। इसके अलावा, मसूरी और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों में आंतरिक मार्गों का सुधारीकरण, न्यू कैंट रोड पर दो नए गर्डर सेतुओं का निर्माण, और रायपुर मंडल में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए ७.७५ करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। सिंचाई और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चकराता और विकासनगर में पाइप नहरों का निर्माण व डोईवाला में विभिन्न नहरों के पुनरोद्धार कार्य की रूपरेखा तैयार की गई है।

क्षेत्र को बाढ़ की विभीषिका से सुरक्षित रखने और निराश्रित पशुओं के कल्याण के लिए भी इस बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। धर्मपुर के हरभजवाला में आसन नदी की सफाई व दोनों ओर पुश्ता निर्माण, रायपुर में सौंग नदी का चैनलाइजेशन और डोईवाला में दुल्हनी नदी के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर बाढ़ सुरक्षा योजनाएं शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही, डोईवाला के ग्राम माजरी में ४.८९ करोड़ रुपये तथा रायपुर के भोपालपानी में १.९० करोड़ रुपये की लागत से निराश्रित गौवंश के संरक्षण हेतु आधुनिक गौशालाओं और शरणालयों का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए झड़ीपानी ट्रैक के सौंदर्यकरण और अमृत सरोवर को वॉटर स्पोर्ट्स के लिए विकसित करने का कार्य भी इस सूची में शामिल है।
लोकार्पण की गई योजनाओं के तहत रायपुर विधानसभा क्षेत्र में गौरादेवी पार्क एवं कृत्रिम झील का सौंदर्यकरण (६.१४ करोड़ रुपये), मियांवाला में दो अलग-अलग पार्कों और जोहड़ी भूमि का विकास (कुल १२.५ करोड़ रुपये से अधिक) तथा हरिपुर कालसी में ७.५२ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य स्नान घाट को जनता के लिए खोल दिया गया है। पशुपालन के क्षेत्र में डोईवाला विकासखंड में बड़े पशुओं के लिए ६.२५ करोड़ रुपये की लागत से बने ‘स्टेट ऑफ आर्ट’ पशु चिकित्सालय का उद्घाटन हुआ। इसके अतिरिक्त, धारकोट से लड़वाकोट मोटर मार्ग का अपग्रेडेशन, सुद्धोवाला कारागार में १.८० करोड़ रुपये की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग फैसिलिटी और अजबपुरकला में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के नए भवन का लोकार्पण कर बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया गया है।




