नशे में बार-बार घुमाया डॉयल 112 का नंबर, पुलिस पंहुची मौके पर शिकायतकर्ता ही खुद निकला विलेन

ख़बर शेयर करें -

झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना पड़ा भारी, नशेड़ी कॉलर समेत सभी पर हुई कार्रवाई

साथ ही लमगड़ा पुलिस ने बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों व मकान मालिक पर भी की सख्त कार्यवाही

  दिनांक 28.05.2026 की रात्रि थाना लमगड़ा क्षेत्रान्तर्गत पितना निवासी एक व्यक्ति द्वारा हेल्पलाइन नंबर डायल 112 पर सूचना दी गई कि कुछ बाहरी व्यक्ति नशे की हालत में हुड़दंग करते हुए आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं।

सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी लमगड़ा श्री प्रमोद पाठक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्री धर्मेन्द्र कुमार,प्रभारी चौकी जैंती व पुलिस टीम सक्रिय हुए। थाना/ चौकी क्षेत्र से अत्याधिक दूरी होने के कारण प्रारम्भिक स्तर पर पितना में रह रहे बाहरी व्यक्तियों के मकान मालिक से फोन पर संपर्क किया गया, जिस पर मकान मालिक द्वारा बताया गया कि आपसी कहासुनी के बाद मामला शांत हो चुका है तथा किसी प्रकार का विवाद नहीं हो रहा है।

 इसके बावजूद सूचना देने वाले व्यक्ति द्वारा लगातार बार-बार कॉल किए जाने पर जैंती पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि सूचना देने वाला व्यक्ति राजपाल सिंह स्वयं शराब के नशे में था तथा पुलिस को भ्रामक सूचना देकर गुमराह कर रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि जिन बाहरी व्यक्तियों के संबंध में सूचना दी गई थी, उनका पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। साथ ही मकान मालिक द्वारा भी किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन नहीं कराया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने विजेताओं को सम्मानित कर उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।

जिस पर लमगड़ा पुलिस द्वारा नशे की हालत में बार-बार डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को गुमराह करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही तीनों बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन न होने पर चालान किया गया तथा मकान मालिक जीत सिंह पुत्र भवान सिंह के विरुद्ध किरायेदार सत्यापन न कराने पर पुलिस अधिनियम के अंतर्गत ₹5000 का नकद चालान किया गया।
पुलिस द्वारा सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत फायर सर्विस की मुस्तैदी: तीन अलग-अलग जंगलों में भड़की आग पर पाया काबू

अल्मोड़ा पुलिस की अपील:
किरायेदार एवं बाहरी व्यक्तियों का समय से पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग न करें। झूठी अथवा भ्रामक सूचना देने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Ad_RCHMCT