कांवड़ यात्रा 2026: 30 जुलाई से शुरू होगा मेला, मुख्य सचिव ने दिए सुरक्षा, बिजली-पानी और मोबाइल शौचालयों के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आगामी ३० जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा-२०२६ की पूर्व तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेला क्षेत्र से जुड़े जनपदों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के आला अधिकारी शामिल हुए। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ तय समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ मेले के लिए अभी से रूट प्लान और सुदृढ़ भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) की रूपरेखा तैयार करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से सचेत करते हुए बताया कि ३१ जुलाई से ०४ अगस्त, २०२६ तक ‘पंचक काल’ रहेगा, जिसके दौरान कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके लिए उन्होंने विशेष और अतिरिक्त तैयारियां करने की आवश्यकता पर बल दिया। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने कांवड़ पटरियों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान, कीटनाशकों के छिड़काव, फॉगिंग और स्ट्रीट लाइट्स की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  BIG BREAKING: उत्तराखंड के रामनगर में सेक्स और नशे की पार्टी पर SOG/AHTU का धावा, 51 गिरफ्तार, ₹10 के नकली नोटों की गड्डियां बरामद!

स्वास्थ्य सुरक्षा के मोर्चे पर मुख्य सचिव ने कांवड़ यात्रा मार्ग में अस्थायी सेक्टर चिकित्सालयों, प्राथमिक उपचार केंद्रों, बी.एल.एस. एम्बुलेंस और संकरे रास्तों के लिए विशेष बाइक एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, हरिद्वार आने वाले वाहनों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों की मरम्मत व विस्तारीकरण का कार्य जल्द पूरा करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग और गड्ढा मुक्ति (मार्ग सुधारीकरण) का कार्य शीघ्र निपटाने को कहा गया है। ऊर्जा विभाग (यूपीसीएल) को यात्रा शुरू होने से पहले पूरे रूट का पावर सप्लाई ऑडिट करने और भविष्य के लिए यात्रा मार्गों पर बिजली की स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  शिवभक्तों की राह हुई आसान: टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी; 13 राज्यों के 49 श्रद्धालु शामिल

श्रद्धालुओं को स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। इसके तहत यात्रा मार्ग पर स्थित सभी स्थायी व अस्थायी खाद्य स्टॉलों, धार्मिक भंडारों, होटलों, ढाबों और डेयरी काउंटरों पर खाद्य पदार्थों के निरीक्षण और सैंपल कलेक्शन के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी। मेले के दौरान कानून, शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव ने अंतर्राज्यीय स्तर पर अन्य पड़ोसी राज्यों के साथ जल्द ही एक समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण में उनका भी पूरा सहयोग मिल सके। इस बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा सहित गढ़वाल आयुक्त और देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी व टिहरी के जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT