कार्यालय फील्ड डायरेक्टर, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व द्वारा वन एवं वन्यजीव सुरक्षा, वनाग्नि (जंगलों की आग) सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में एक विशेष ‘फ्लैग मार्च’ का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च श्री बिन्दर पाल (पार्क वार्डन/उप प्रभागीय वनाधिकारी, बिजरानी उप प्रभाग) के नेतृत्व में निकाला गया।
हरिद्वार की घटना के बाद कॉर्बेट में ‘हाई अलर्ट’
फ्लैग मार्च के दौरान पार्क वार्डन श्री बिन्दर पाल ने स्टाफ को ब्रीफिंग देते हुए बताया कि वर्तमान में हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में अवैध शिकार की घटना प्रकाश में आई है। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, वनों में नियमित रूप से विशेष सघन गश्त, कुंबिंग और रात्रि एम्बुश (गश्त) करने के निर्देश दिए।
इन क्षेत्रों से होकर गुजरा फ्लैग मार्च
इस फ्लैग मार्च में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की बिजरानी रेंज, सर्पदुली रेंज, सुरक्षा इकाई तथा रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के समस्त स्टाफ और स्थानीय पुलिस बल ने प्रतिभाग किया। सभी सुरक्षा बल गर्जिया वन परिसर में एकत्रित हुए और वहां से ढिकुली, लदुवा, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309 से होते हुए लखनपुर चौक, कोटद्वार रोड, चोरपानी, गौजानी, कानिया, हिम्मतपुर डोटियाल से होते हुए सांवलदे वन परिसर तक मार्च किया।
आम जनता और ग्रामीणों से अपील
मार्च के दौरान वन क्षेत्राधिकारी (बिजरानी रेंज) श्री नवीन चन्द्र पाण्डे ने कॉर्बेट के सीमावर्ती ग्रामीणों और आम जनता से अपील की कि:
किसी भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत स्थानीय वन चौकी को सूचना दें।
वनों में अनावश्यक प्रवेश न करें।
अपने घरों के आस-पास कूड़ा न जलाएं, क्योंकि इससे जंगलों में भीषण आग (वनाग्नि) फैलने की प्रबल संभावना रहती है। वनों और वन्यजीवों की रक्षा करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस फ्लैग मार्च के सफल संचालन के बाद वन क्षेत्राधिकारी श्री नवीन चन्द्र पाण्डे ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया। मार्च में पार्क वार्डन श्री बिन्दर पाल, वन क्षेत्राधिकारी (सर्पदुली) श्री संजय कुमार पाण्डे, उपराजिक श्री भूपेन्द्र सिंह चौहान व श्री जितेन्द्र सिंह नेगी, वन आरक्षी श्री प्रमोद कुमार सत्यवली, श्री मोहन उप्रेती, श्री प्रमोद डोर्बी, श्री कृष्ण चन्द्र पंत, श्री भूपाल सिंह बिष्ट, श्री संजय कुमार, श्री संदीप सिंह, सुरक्षा इकाई से श्री महेश गौड़ाई तथा रामनगर वन प्रभाग से श्री सरप सिंह राणा, श्री साबरी खातून और पुलिस गार्ड श्री गिरी राम मनराल, श्री अंकित बिष्ट, श्री रवि कुमार आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




