रामनगर के छोई स्थित फूड बंगला रेस्टोरेंट में संवेदना फाउंडेशन संस्था की ओर से हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकारिता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों तथा बदलते समय में मीडिया की भूमिका को लेकर विस्तृत संवाद स्थापित किया गया।
समारोह में क्षेत्र के विभिन्न समाचार-पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों, अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। रामनगर, हल्द्वानी और काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए पत्रकारों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज, राजनीतिक दबाव और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के बीच निष्पक्ष पत्रकारिता को बनाए रखना एक बड़ी जिम्मेदारी बन चुकी है। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को विभिन्न प्रकार की कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद सत्य और जनहित को सर्वोपरि रखना ही पत्रकारिता का मूल धर्म है। उन्होंने पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बचाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि समाज और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की अहम भूमिका रहती है।
इस दौरान पूर्व में रामनगर के दिवंगत पत्रकारों स्वर्गीय जितेन्द्र पपनै, लक्ष्मीदत्त मंदोलिया, और नितेश जोशी को उनके चित्रों पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को शाल और स्मृति चिन्ह उनकी स्मृति में दिए गए।
समारोह का वातावरण सौहार्दपूर्ण और विचारोत्तेजक रहा, जहां उपस्थित लोगों ने पत्रकारिता के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हल्द्वानी से आए सूचना अधिकार संगठन के संरक्षक प्रकाश हर्बोला और रामनगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एम सी पांडेय रहे, जबकि वरिष्ठ पत्रकार विनोद पपनै, कमल हीरा, गणेश रावत, एडवोकेट पूरन चंद्र पाण्डेय कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहे, इस दौरान पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में पत्रकार खुशाल रावत, गोविंद पाटनी, मोहम्मद उस्मान, राहुल सिंह दर्मवाल, एडवोकेट मदन मोहन गौनियाल, चंचल गोला, चंद्रशेखर जोशी, मयंक मैनाली, गौरव मंदोलिया, प्रकाश भट्ट, अज़ीम खान, हेम पांडेय, एडवोकेट मनु अग्रवाल, श्रीमती रेखा पपनै, मुकेश सुयाल, रोहित गोस्वामी, कैलाश सुयाल, कुलदीप अग्रवाल, हल्द्वानी से आए संजय पाठक, कमल कफल्टिया, काशीपुर से पुनीत शर्मा, पैट्रिक तरन बाबा, किशन गुप्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, इस दौरान संवेदना फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल भंडारी, तनुजा पांडेय, प्रतिभा रावत आदि मौजूद रहे।




