तमकनाला आपदा: सीएम धामी रख रहे सीधी नजर; राहत-बचाव, आवश्यक आपूर्ति और कनेक्टिविटी बहाली के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर स्थित तमकनाला में तेज बहाव के कारण 123 बीआरटीएफ द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम की लगातार उच्चस्तरीय मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चमोली के जिलाधिकारी और गढ़वाल मंडल आयुक्त से फोन पर बातचीत कर राहत व बचाव कार्यों, राशन, दवाइयों व खाद्य सामग्री जैसी आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति तथा ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर आवाजाही की शीघ्र बहाली को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नुकसान का वास्तविक आकलन करने और वैकल्पिक मार्गों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के आदेश दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में राजस्व वृद्धि के लिए एआई (AI) का सहारा: मुख्य सचिव ने दिए कर चोरी रोकने को AI आधारित तंत्र और विभागों के डेटा इंटीग्रेशन के निर्देश

बढ़ते जलप्रवाह और बदलते मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निचले इलाकों व नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। घटना के तुरंत बाद एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), पुलिस व स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत-बचाव कार्यों में जुट गई हैं, जबकि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से 24×7 निगरानी रखी जा रही है। सरकार का मुख्य ध्यान केवल राहत कार्यों तक सीमित न रहकर प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक कनेक्टिविटी स्थापित करने और सामान्य स्थिति बहाल करने पर केंद्रित है, जो राज्य सरकार की प्रो-एक्टिव आपदा प्रबंधन नीति को दर्शाता है।

Ad_RCHMCT