मुख्यमंत्री धामी ने गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 का भव्य शुभारम्भ कर क्षेत्र के लिए विकास योजनाओं की सौगात दी।

ख़बर शेयर करें -



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा, टिहरी गढ़वाल में “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” के द्वितीय संस्करण का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने गजा स्थित प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


मुख्यमंत्री ने महोत्सव के अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण, नगर पंचायत गजा क्षेत्र में आंतरिक मार्गों का निर्माण, गजा मैदान का विस्तारीकरण और मंच निर्माण, शहीद श्री विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटैक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति शामिल है।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर अतिक्रमण हटाने, भू-कानून उल्लंघन और मानसून तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।


उन्होंने पर्यटन विकास को गति देने के लिए कोटेश्वर झील के विकास, डांडाचली में इको पार्क निर्माण तथा पावकी देवी और चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। इसके साथ ही दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गांव मोटर मार्ग और रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग की स्वीकृति भी दी।


स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने चाका महिला अस्पताल को पीएचसी में परिवर्तित कर उच्चीकृत करने, चाका में सामुदायिक भवन सुदृढ़ीकरण, गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों की स्वीकृति तथा हेंवल नदी में झील निर्माण और गजा बगीद के 33 केवी सब स्टेशन की स्वीकृति की घोषणा की। शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली और पजै गांव को इंटर स्तर पर उच्चीकृत करने तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर पर उच्चीकृत करने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन-नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, लोक कला, आभूषण और खान-पान की विशिष्ट पहचान को संरक्षित करने की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में पीएम पोषण योजना की राज्य स्तरीय बैठक में सोशल ऑडिट, डिजिटल ट्रैकिंग और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर जोर दिया गया।


कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान ने गजा क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।


कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

Ad_RCHMCT