मुख्यमंत्री धामी ने 276 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

ख़बर शेयर करें -



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, प्राविधिक शिक्षा विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा वन विभाग के अंतर्गत चयनित कुल 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद युवाओं को यह सफलता मिली है, जो उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण का प्रमाण है।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा में सड़क और साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस की बड़ी पहल: यातायात निरीक्षक ने स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों को दी महत्वपूर्ण जानकारी


सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में युवाओं की सफलता का आधार अब केवल योग्यता और मेरिट है।


उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने नवचयनित कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे कार्यकुशलता, ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

यह भी पढ़ें 👉  कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केन्द्र में "हाथी गणना कार्यशाला" का सफल आयोजन


मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कार्मिक सुनियोजित विकास में, प्राविधिक शिक्षा विभाग के युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास में, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण में तथा वन विभाग में चयनित युवा वन संपदा और जैव विविधता संरक्षण में अहम योगदान देंगे।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार भी विकसित उत्तराखंड के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और नए विश्वास का माध्यम बनेगा: मुख्यमंत्री धामी।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, डॉ. आर. राजेश कुमार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Ad_RCHMCT