सीमांत जनपद चमोली की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत ऐसे आयोजन सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांव देश के “पहले गांव” हैं और नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन इस सोच का जीवंत उदाहरण है।
सीएम धामी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना से सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो यहां पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित यह अल्ट्रा रन युवाओं के अदम्य साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति घाटी का यह जागरण सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास की नई इबारत है। उन्होंने आयोजन की सफलता पर आयोजकों, भारतीय सेना, आईटीबीपी और स्थानीय जनता को शुभकामनाएं दीं।

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर 5, 10, 21, 42 और 75 किलोमीटर वर्गों की दौड़ों के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मलारी गांव में आयोजित समारोह में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अतिथियों ने विजेताओं को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह भेंट किए।
प्रतियोगिताओं में 75 किलोमीटर ओपन वर्ग में दिगंबर सिंह प्रथम, अर्जुन प्रधान द्वितीय और विजय सिंह तृतीय रहे। 42 किलोमीटर ओपन वर्ग में यश राज प्रथम, सत्यम द्वितीय और महेंद्र सिंह बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। 21 किलोमीटर ओपन वर्ग में लोकेश कुमार प्रथम, दीपक रावत द्वितीय और कुलदीप नेगी तृतीय रहे। 10 किलोमीटर ओपन वर्ग में सुरेंद्र सिंह प्रथम, मन्नू सिंह द्वितीय और सजन पंवार तृतीय रहे। 5 किलोमीटर ओपन वर्ग में प्रकाश भट्ट प्रथम, मोहम्मद अशरफ द्वितीय और मोहम्मद क्वासम तृतीय रहे।

कार्यक्रम के अंतिम दिन 2 जून को गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




