मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योगपतियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना तथा जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण, पार्किंग और औद्योगिक क्षेत्रों में अवस्थापना विकास जैसे मुद्दों पर प्रभावी व समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारियों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बताते हुए कहा कि सरकार उनके हितों की सुरक्षा और राज्य में सुगम व्यावसायिक माहौल तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम पर 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं और 30 से अधिक सेक्टोरल नीतियां लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। इसके साथ ही युवाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप नीति और ₹200 करोड़ का वेंचर फंड बनाया गया है।

पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विस्तार पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित की गई है, जबकि हरिद्वार, सेलाकुई और पंतनगर में फ्लैटेड फैक्ट्रियां विकसित की जा रही हैं। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट’ के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर ‘मेड इन उत्तराखंड’ ब्रांड के रूप में स्थापित करने की बात कही और उद्योगपतियों का आह्वान किया कि वे विश्वास के साथ अपने व्यापार का विस्तार करें, सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।




