‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ पर रुद्रपुर में विद्यार्थियों से रूबरू हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी: युवाओं के नवाचार से तय होगी विकसित उत्तराखंड की दिशा; देहरादून में बनी देश की 5वीं सबसे बड़ी साइंस सिटी

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनके विजन, नवाचारपूर्ण विचारों और व्यावहारिक सुझावों को जाना तथा उनकी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी की ऊर्जा, सकारात्मक सोच और ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प के प्रति उनकी प्रतिबद्धता राज्य के समग्र विकास की दिशा तय करने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में विंटर टूरिज्म को मिलेगी नई उड़ान: नए पर्यटन स्थलों और सर्किट पैकेज पर मुख्य सचिव की समीक्षा; 15 दिन में फिर होगी बैठक

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता युवाओं को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें रोजगार, कौशल विकास, नवाचार, खेल और उद्यमिता के बेहतर अवसर प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से देहरादून में देश की 5वीं सबसे बड़ी ‘साइंस सिटी’ का निर्माण किया गया है, ताकि राज्य के होनहार छात्र-छात्राएं विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नेतृत्व कर सकें। उन्होंने रेखांकित किया कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग जैसे प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा सच्चे लीडर हैं।

यह भी पढ़ें 👉  त्योहारों में स्थानीय उत्पादों की खरीद को दें प्राथमिकता: सीएम धामी; सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के स्टालों से की खरीदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजकर ऐतिहासिक सहभागिता दर्ज कराई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि युवाओं द्वारा साझा किए गए इन रचनात्मक सुझावों को राज्य की विकास नीतियों से जोड़कर एक आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी छात्र-छात्राओं और उपस्थित नागरिकों को रक्षाबंधन पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Ad_RCHMCT