मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ वाराही धाम, देवीधुरा में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आयोजित ऐतिहासिक बग्वाल मेले में प्रतिभाग कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मेले के दौरान चार खामों—वालिक, चम्याल, गहड़वाल और लमगड़िया—तथा सात थोकों के योद्धाओं ने बांस व रिंगाल की ढालों के साथ 8 मिनट तक फलों और फूलों से पारंपरिक बग्वाल खेली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देवीधुरा क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए इसे नगर पंचायत बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु 9.80 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार आधुनिक विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पौराणिक धरोहरों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत देवीधुरा में 4.27 करोड़ रुपये की लागत से गढ़वाल खाम भवन तथा 4.57 करोड़ रुपये की लागत से रणकोची मंदिर का पुनर्निर्माण तेजी से चल रहा है, जबकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र भी बांधा।




