मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के सहारनपुर चौक में आयोजित भगवान टपकेश्वर महादेव की भव्य और पारंपरिक शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज तथा टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया और भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें संजोए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने रेखांकित किया कि इस प्रकार के भव्य धार्मिक आयोजन समाज में गहरी आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करते हैं, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी संतों, समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।




