विकास ज़रूरी है, पर जनभावनाएं सर्वोपरि: देहरादून-ऋषिकेश प्रोजेक्ट पर लिया बड़ा निर्णय!

ख़बर शेयर करें -

देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से अनेक नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा व्यक्त की जा रही चिंताओं और सुझावों का मैंने गंभीरता से संज्ञान लिया है।
​यह परियोजना NHAI की एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्य किया जा रहा था। वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इसमें 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के लिए विशेष कल्वर्ट का प्रावधान किया गया है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
​विकास हमारे लिए आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। इसी उद्देश्य से मैंने प्रमुख सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों से पुनः विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए।
​माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का हम पूर्ण सम्मान करते हैं। साथ ही, जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति एवं विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक इस परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान स्थगित रखा जाएगा।
​मेरे लिए उत्तराखण्ड की प्रकृति, जनभावनाएँ और प्रदेश का विकास—तीनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। हमारी सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें 👉  लखवाड़ परियोजना पर मुख्य सचिव का बड़ा एक्शन: दिसंबर 2034 के बजाय वर्ष 2031 तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम; एलएंडटी और यूजेवीएनएल को दिए कड़े निर्देश

source – Pushkar singh dhami

Ad_RCHMCT