शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ‘रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस’ रेल सेवा के नियमित संचालन का भव्य शुभारंभ किया। प्रारंभिक चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो बार चलेगी, जो कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क, व्यापार और अवसरों की एक नई जीवनरेखा साबित होगी। मुख्यमंत्री ने इस बड़ी सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए चलेगी, जिससे उत्तराखंड के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक बड़े हिस्से को भी सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

राज्य में चल रहे रेल विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में ढांचागत विकास तेजी से हो रहा है। वित्तीय वर्ष २०२६-२७ के लिए राज्य को रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास हेतु ४,७६९ करोड़ रुपये का ऐतिहासिक रेल बजट प्राप्त हुआ है और वर्तमान में लगभग ३९ हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य गतिमान है। उन्होंने सामरिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि इस पूरी लाइन का ७५ प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसके पूरे होते ही पर्वतीय क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बन रही है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यदि इस नए रूट पर यात्रियों की संख्या में वृद्धि होती है, तो रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को भविष्य में प्रतिदिन (रोजाना) चलाया जाएगा। रेल मंत्री ने उत्तराखंड में रेल संपर्क सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों की सराहना की और बताया कि ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत राज्य के ११ रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि वर्ष २०२३ से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस सहित २० नई अथवा विस्तारित नियमित रेल सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।

इस ऐतिहासिक वर्चुअल उद्घाटन समारोह के दौरान हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधायक अरविंद पांडे सहित भारतीय रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जो कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाली इस नई सेतु रूपी रेल सेवा के साक्षी बने।




