मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण कर पौधरोपण किया तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण खटीमा में व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जाने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा हेतु सर्किट हाउस, एक आधुनिक खेल स्टेडियम, क्रियाशाला, वेंडिंग जोन और पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने की घोषणा की। उन्होंने रेखांकित किया कि सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था (इकोलॉजी और इकोनॉमी) के बीच संतुलन साधते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए सतत आजीविका सुनिश्चित हो सके।


उसी दिन चम्पावत के टनकपुर स्थित स्व. कैलाश चन्द्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने ‘खेल महाकुम्भ–मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ का मशाल सौंपकर भव्य शुभारंभ किया। 1 सितंबर से 30 अक्टूबर तक चलने वाला यह खेल महाकुम्भ न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक चार चरणों में आयोजित होगा, जिसमें ओपन महिला और दिव्यांगजन सहित विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि खेल महाकुम्भ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाएगा तथा विजेताओं को लगभग ₹11 करोड़ की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी।




