नैनीताल आँचल दुग्ध संघ में समीक्षा बैठक, दुग्ध गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था पर जोर

ख़बर शेयर करें -

 नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के पर्यवेक्षक, मार्ग प्रभारी और डिपो प्रभारी शामिल हुए। उपनिदेशक संजय उपाध्याय की उपस्थिति में दुग्ध गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन व्यवस्था और कोल्ड चैन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य दुग्ध विक्रय एवं विपणन प्रणाली को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान विक्रेताओं और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे उपभोक्ताओं से अधिक संपर्क स्थापित कर लैक्टोमीटर और एडुल्ट्रेशन किट का वितरण करें तथा दुग्ध गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराएं।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: पम्पापुरी समेत 4 कॉलोनियों के नियमितीकरण की राह हुई आसान, धारा 48 के तहत बंदोबस्ती और ड्रोन सर्वे पूरा

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ की प्राथमिकता विक्रेताओं और उपभोक्ताओं दोनों के हितों का संतुलन बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता के स्तर पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दुग्ध व दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाया जाएगा। संघ को सशक्त बनाने के लिए फील्ड स्तर पर अनुशासन और आपसी समन्वय को उन्होंने आवश्यक बताया।

यह भी पढ़ें 👉  ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी! नैनीताल पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, 73 वाहन किए सीज

उपनिदेशक संजय उपाध्याय ने क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को मार्गों का नियमित निरीक्षण करने तथा परिवहन व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाना चाहिए, ताकि संघ की कार्यप्रणाली पर विश्वास बना रहे।

बैठक में दुग्ध गुणवत्ता जांच प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने, संघ की सदस्यता बढ़ाने और दुग्ध आपूर्ति में वृद्धि के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ: उत्तराखंड के सांस्कृतिक अतीत, धार्मिक वैभव और चिंतन धाराओं पर मंथन

इस अवसर पर दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, विपणन अधीक्षक विजय सिंह चौहान सहित विपिन तिवारी, हेमंत पाल, जितेंद्र खोलिया, चंद्र प्रकाश जोशी, महेश पांडे, कुलदीप रैकवाल, लोकेश शर्मा, मनोज कुमार, सुदर्शन, पारस, सुमित तिवारी, सुमित पांडे समेत अन्य अधिकारी एवं विपणन प्रभारी उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT