मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण संबंधी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का भी निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों और दैनिक बिक्री की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक लोन तीन लाख रुपये और सीएलएफ कंट्रीब्यूशन एक लाख रुपये की जानकारी भी दी गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने और मेनू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और सशक्त किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिले।

इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मो. असलम, ईओ तपोवन अंजलि और बीडीओ श्रुति वत्स सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




