चमोली को ₹155 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात: सीएम धामी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास; सीमांत क्षेत्र में सुदृढ़ होगा सड़कों और पुलों का ढांचा

ख़बर शेयर करें -

बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के विकास को नई गति देते हुए विभिन्न विभागों की कुल १५५.३६ करोड़ रुपये की ६३ विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ११३.९९ करोड़ रुपये की ३६ विकास योजनाओं का शिलान्यास और ४१.३७ करोड़ रुपये की २७ पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार का मुख्य ध्येय इन सीमांत क्षेत्रों में विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड को बड़ी सौगात: 18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर-देहरादून सीधी रेल सेवा, सांसद अनिल बलूनी ने जताया आभार

शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे, सिंचाई और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में ४.३४ करोड़ रुपये से स्टील ट्रस पुल और लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर ९.६२ करोड़ रुपये से ७८ मीटर लंबे लोह सेतु के निर्माण की आधारशिला रखी गई। साथ ही, नन्दानगर की १३ पर्वतीय नहरों के पुनरोद्धार के लिए २.५१ करोड़ रुपये तथा विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा के लिए २५ करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं शामिल हैं। पशुपालन क्षेत्र को मजबूती देने के लिए नंदप्रयाग में ४.३६ करोड़ रुपये की लागत से एक मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय और तलवाड़ी में पशु चिकित्सालय के निर्माण का काम भी शुरू किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी का महाअभियान: पराग फार्म में बनेगी राज्य की पहली एविएशन एकेडमी, सभी जिला मुख्यालय देहरादून से जुड़ेंगे; सीएस ने दिए निर्देश

लोकार्पण की गई योजनाओं के माध्यम से चमोली में सड़क कनेक्टिविटी, खेल, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं को तुरंत मजबूत किया गया है। इनमें कुलसारी-गैरवारम मोटर मार्ग अपग्रेडेशन (९.३२ करोड़ रुपये) और लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्ग (७.७५ करोड़ रुपये) प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए बैरागना में ३.५० करोड़ रुपये की लागत से ट्राउट इंडोर हैचरी, खेल प्रतिभाओं के लिए गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में २.४५ करोड़ रुपये से बने दो कोर्ट के बैडमिंटन हॉल तथा धार्मिक पर्यटन के लिए ४०.५० लाख रुपये से निर्मित कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज का लोकार्पण किया गया। शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए विभिन्न राजकीय विद्यालयों में पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट रूम और विज्ञान प्रयोगशालाएं भी जनता को सौंपी गईं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पर्यटन के लिए बनेगा 5 वर्षीय मास्टर प्लान: प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लैंपिंग प्रोजेक्ट्स पर जोर; युवाओं को मिलेगा इंटरनेशनल गाइड बनने का मौका

इस भव्य विकास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच पर चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला तथा जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट मौजूद थे। इसके साथ ही, नगर पालिका परिषद चमोली गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप रावत, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक इस विकास उत्सव के साक्षी बने।

Ad_RCHMCT