मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार पर गठित राज्य स्तरीय सलाहकार समिति की 6वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश की दूसरी खाद्य परीक्षण लैब को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर 7 जून 2026 को अनिवार्य रूप से लोकार्पित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए प्रवर्तन गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थों की जांच बढ़ाने के लिए राज्य सेक्टर के बजट में प्रावधान करने और केंद्र सरकार से मिलने वाले बजट के लिए एक कॉर्पस बनाने का सुझाव दिया, ताकि खाद्य पदार्थों की नियमित एवं सतत जांच सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने मिलावटखोरी में लगातार संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालयों में लंबित मामलों में मजबूत पैरवी करने को कहा, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
मुख्य सचिव ने आमजन की शिकायतों के लिए सरल चार अंकों का हेल्प डेस्क नंबर जारी कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खाद्य सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जाए तथा टेस्टिंग लैब के साथ मोबाइल टेस्टिंग लैब्स की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि फूड सैंपलों की जांच अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव ने अभी से खाद्य सुरक्षा की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र में परीक्षण एवं निगरानी के लिए समर्पित टीमें तैनात करने और डेडिकेटेड वेंडिंग जोन चिन्हित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ईट राइट कैंपस सर्टिफिकेशन को सरकारी संस्थानों में प्राथमिकता देने की बात कही। इसके अंतर्गत राजकीय शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान, होस्टल, सरकारी वृद्धाश्रम, बाल गृह, नारी निकेतन आदि में इसे लागू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मिड डे मील और आंगनबाड़ी केंद्रों में दिए जाने वाले टेक होम राशन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
मुख्य सचिव ने यूज्ड कुकिंग ऑयल को फूड चेन से बाहर करने के लिए संग्रहणकर्ताओं की संख्या बढ़ाने और होटल-रेस्टोरेंट प्रबंधकों एवं मुख्य शेफ के लिए वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे ईट राइट की दिशा में जागरूकता बढ़ेगी।
इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव रोहित मीणा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




